फोटो-7- सड़क के किनारे पड़े नवजात के शव को देखते रेलवेगंज चौकी प्रभारी बृजेश सिंह व अन्य। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शहर में महिला अस्पताल के सामने स्थित नाले में नवजात बच्ची का शव थैले में रखकर फेंक दिया। मंगलवार की सुबह नाले से शव निकालकर कुत्ते नोच रहे थे। आसपास के लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला अस्पताल के सामने से नाला निकला है। मंगलवार की सुबह दुकानदारों ने नाले के पास कुत्तों के झुंड को एक थैला निकालते देखा। थैला नोंचने पर उसके अंदर नवजात का शव दिखा, तो कुत्ते उसे नोचने लगे।
दुकानदारों ने इसकी पुलिस को सूचना दी। रेलवेगंज चौकी प्रभारी बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मी को बुलाकर थैले से शव को बाहर निकलवाया। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन नवजात के बारे में कुछ पता नहीं चला।
पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। कोतवाली प्रभारी दीपक शुक्ला ने बताया कि लगभग पांच माह की नवजात बच्ची का शव है। किसी ने काले थैले के अंदर एक कपड़े में लपेट कर शव फेंका था। मामले की जांच की जा रही है। शिनाख्त न होने पर 72 घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।