हरदोई। जिले की 1306 ग्राम पंचायतों में 783 तक नेशनल आप्टिकल फाइबर नेटवर्क पहुंच गया है। इन ग्राम पंचायतों में आप्टिकल नेटवर्क टर्मिनल (ओएनटी) लगा दिए गए हैं।
इन स्थानों पर हाईस्पीड इंटरनेट, वीडियो कांफ्रेंसिंग आदि सेवाएं पहुंच गई हैं। शेष ग्राम पंचायतों में 15 अगस्त के पहले कनेक्टिविटी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।
नेशनल आप्टिकल फाइबर नेटवर्क के लिए ग्राम पंचायतों तक फाइबर लाइन डालकर नेट कनेक्टिविटी बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर भारत संचार निगम लिमिटेड काम कर रहा है।
बीएसएनएल के सूत्रों के अनुसार 503 ग्राम पंचायतों में वाईफाई सेवा के लिए उपकरण लगाए जा चुके हैं। योजना के तहत सभी ग्राम पंचायतों तक वाईफाई सेवा पहुंचाई जानी है।
इसके लिए पब्लिक डाटा ऑफिस के तहत ग्राम पंचायतों में उपकरण लगाए जाएंगे। सर्किल ऑफिस से उपकरण आते ही कार्य शुरू हो जाएगा।
बीएसएनएल के मंडल अभियंता प्रशासन अरविंद मौर्या ने बताया कि नेशनल आप्टिकल फाइबर नेटवर्क से 783 ग्राम पंचायतों को जोड़ा जा चुका है। शेष के लिए कार्य चल रहा है। 15 अगस्त से पहले कार्य पूरा हो जाएगा।