हरदोई। डीएम अविनाश कुमार ने शनिवार को सुरसा और टड़ियावां के थाना समाधान दिवस में समस्याएं सुनीं। इस दौरान जमीन पर कब्जों की शिकायतें मिलने पर राजस्व कर्मियों को पुलिस बल के साथ मौके पर भेज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि गरीबों को हटाने से पहले उन्हें विस्थापित करने की व्यवस्था करें।
सुरसा में सीसी रोड व नाले पर अतिक्रमण की शिकायत मिली। डीएम ने कानूनगो, लेखपाल और प्रधान को जेसीबी से नाले का अतिक्रमण हटवाने के लिए कहा। टड़ियावां में भी सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमणों की शिकायत मिलीं।
इनके निस्तारण का निर्देश संबंधित अफसरों को दिया। एसपी राजेश द्विवेदी ने थानाध्यक्षों को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीट सिपाही और चौकीदारों के माध्यम से गांव की गतिविधियों की प्रत्येक दिन जानकारी लेने के निर्देश दिए।
सुरसा में आईं सभी 12 शिकायतों का निस्तारण मौके पर करा दिया गया। टड़ियावां में 42 में नौ का निस्तारण मौके पर किया गया। यहां सीओ सिटी विनोद द्विवेदी, तहसीलदार सदर प्रतीत त्रिपाठी, सीओ परशुराम सिंह, सीओ शिल्पा कुमारी, नायब तहसीलदार सदर सुरभि रहीं।
यहां भी अफसरों ने सुनीं समस्याएं
सांडी थाने में एसडीएम राहुल कश्यप विश्वकर्मा ने सात शिकायतों का निस्तारण किया। संडीला में सीओ महावीर सिंह के सामने 10 शिकायतें आईं। कासिमपुर थाने में पांच में दो शिकायतों का निस्तारण किया गया।
मल्लावां में तहसीलदार राजीव यादव के सामने 18 में तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया। बेनीगंज में 19 में एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका।
अरवल में 20 और हरपालपुर में 12 शिकायतें आईं। उप जिलाधिकारी सवायजपुर राकेश सिंह व क्षेत्राधिकारी हरपालपुर अशोक कुमार त्रिपाठी ने पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया। हरियावां में 12 में चार का निस्तारण किया गया।