हरदोई। कोरोना संक्रमण न फैले इसको लेकर व्यापारी वर्ग लगातार सहयोग कर रहा है और आगे भी करेगा। इसी तरह यदि घरों में बैठे रहे तो वह दिन दूर नहीं जब हम सब भी भुखमरी की कगार पर आ जाएंगे।
लगातार दुकानें बंद रहने से दुकानदारों के सामने समस्याएं आ रहीं हैं। प्रशासन अपने स्तर से शिफ्टवार दुकानें खुलवाने के लिए कोई निर्णय लें, ताकि दुकानदारों की भी जीविका चल सके। ये कहना है व्यापारी वर्ग का।
किसान भी परेशान, हल तो चाहिए
धर्मशाला रोड स्थित ट्रैक्टर पार्ट्स की दुकान के मालिक सुनील शर्मा ने बताया कि किसानों को ट्रैक्टर से संबंधित समस्याएं हैं जिनको लेकर लगातार फोन कर रहे हैं। उनकी धान की फसल को लेकर जुताई आदि की समस्याएं आ गई है। इससे परेशान हैं। दुकान खुलवाने के लिए कोई न कोई निर्णय होना ही चाहिए।
शराब बिक रही तो हमारी दुकानें क्यों नहीं खुल रहीं
बड़ा चौराहा के पास घड़ी दुकानदार धीरज गुप्ता ने बताया कि अब तो कोई न कोई फैसला होना चाहिए जब सरकार अपने राजस्व की खातिर शराब की दुकानें पूरे टाइम खोल रही है तो फिर अन्य दुकानें क्यों नहीं। प्रशासन इस पर शिफ्टवार खोले जाने का निर्णय ले सकता है।
जरूरत को देखते हुए दुकानें खोलना जरूरी
बिलग्राम चुंगी के पास सीसीटीवी दुकान के मालिक विकास मिश्रा का कहना है कि कोरोना कर्फ्यू को लेकर सरकार की मंशा क्या है स्पष्ट नहीं हो पा रही। शराब की दुकानें खुलीं, चोरी छिपे दुकानें भी खुल रहीं तो फिर अन्य दुकानदारों की भी दुकानें खोल दी जाएं।
आखिर दुकानदार करें तो क्या
वैटगंज पर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान के संचालक अजीत शर्मा का कहना है कि आखिरकार दुकानदार करे तो क्या करे। एक लिमिट तक ही पैसा संग्रह होता है, परिवार को चलाने व दुकान के कर्मियों को देने में खर्च हो जाता तो फिर आगे बिना दुकान खुले कैसे खर्चे पूरे हो पाएंगे यह समस्या है।