मल्लावां। सराफ से हुई लूट के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। घटना में दूसरे दिन भी खुलासे के लिए गठित तीन टीमों के हाथ खाली रहे।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मुचुआपुर निवासी उमेश कुुमार सराफ व्यापारी हैं। राघवपुर चौकी क्षेत्र के गांव मटियामऊ में उमेश ज्वैलर्स के नाम से उनकी दुकान है।
मंगलवार की शाम वह अपने भतीजे बबलू के साथ दुकान बंद करके चांदी के जेवरात से भरा बैग लेकर बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में मटियामऊ-तेरवाकुल्ली मार्ग पर कछियनपुरवा गांव के निकट बाइक और कार सवार बदमाशों ने उन्हें रोक कर तमंचे के बल पर करीब 15 किलो चांदी के जेवरात लूट लिए थे।
घटना की सूचना पर एसपी राजेश द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। एसपी ने टीमें गठित कर वारदात के खुलासे के निर्देश दिए थे। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की है।
इसके साथ ही तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इधर घटना के बाद से सराफा दुकानदारों में भय व्याप्त है। सीओ एसके सिंह ने बताया कि लूट के खुलासे को लेकर टीमें लगी हैं। जल्द ही आरोपियों को दबोचकर माल बरामद कर लिया जाएगा।