बेनीगंज। कोतवाली क्षेत्र के मलेहरा गांव में शनिवार की रात एचटी लाइन का तार टूट कर गिर गया। इसकी चपेट में आने से दो मवेशियों की करंट लगने से मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। घटना की सूचना पर पहुंचे पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंवर वीरेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
ग्राम मलेहरा के चमरौधा टोला निवासी मोनू मवेशी पालक हैं। उसके घर के सामने से निकली कोथावा को जाने वाली एचटी लाइन निकली है। जिसके नीचे मोनू के मवेशी बंधे थे।
शनिवार देर रात एचटी लाइन का तार टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आने से मोनू के दो मवेशी झुलस गए। मोनू ने विद्युत विभाग को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई, लेकिन दोनों मवेशियों की मौत हो चुकी थी।
इधर तार टूटने के कारण करीब 200 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत कर्मी तार जोड़ने पहुंचे, तो घटना से गुस्साए पीड़ित ने मुआवजे की मांग लेकर ग्रामीणों के साथ हंगामा शुरू कर दिया।
इसकी सूचना पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम ने तार जोड़ कर विद्युत आपूर्ति बहाल की।