बघौली। उन्नाव से माल लाने के लिए बुधवार को ट्रैक्टर ट्राली लेकर गया चालक गुरुवार रात माधौगंज में बेहोशी की हालत में पड़ा मिला, वहीं ट्रैक्टर ट्राली गायब थी। जानकारी पर परिजनों के साथ पहुंची पुलिस ने चालक से पूछताछ के बाद एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
बघौली थानाक्षेत्र के ग्राम बन्नापुर निवासी पप्पू(30) ट्रैक्टर चालक हैं। वह गांव के रघुनाथ का ट्रैक्टर चलाता है। रघुनाथ ने बताया कि बुधवार को दो व्यक्ति उसके घर आए थे, उन्होंने उन्नाव के औरास से सरकारी पाइप लादकर लाने की बात कही थी। किराया तय हो जाने पर पप्पू ट्रैक्टर लेकर दोनों के साथ चला गया। घर वापस न आने व मोबाइल स्विच ऑफ होने पर परिजनों ने गुरुवार को गुमशुदगी दर्ज कराई। गुरुवार देर शाम उसके गांव के लोग ने ही उसे माधौगंज में बेहोश पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पप्पू अभी पूरी तरह से होश में नहीं आया है, हालांकि उसने मारपीट कर ट्रैक्टर-ट्राली लूटने की बात बताई लेकिन बदमाशों ने कब व कैसे घटना को अंजाम दिया वह नहीं बता पाया। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। एसओ सुभाषचंद्र सरोज ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।