शाहाबाद मंडी में गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण करते खाद्य आयुक्त मनीष चौहान व मौजूद एडीएम संजय क?
- फोटो : HARDOI
शाहाबाद। खाद्य आयुक्त मनीष सिंह चौहान ने गुरुवार को नगर में राशन की दुकान का निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही कमिश्नर ने मंडी में संचालित गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया और कम खरीद मिलने पर पीसीएफ के क्रय केंद्र प्रभारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर पहुंचे खाद्य आयुक्त मनीष चौहान ने अल्हापुर तिराहे पर केंद्रीय उपभोक्ता भंडार द्वारा संचालित राशन की दुकान का निरीक्षण किया। खाद्य आयुक्त ने कार्डधारकों से वितरण संबंधी जानकारी ली और कई राशन कार्डधारकों को अपनी मौजूदगी में राशन का वितरण कराया। आयुक्त ने दुकान के सेल्समैन कुलदीप मौर्या को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ राशन वितरण करने हिदायत दी। कहा कि सरकार की मंशा है कि अधिक से अधिक लोगों तक राशन पहुंचाया जाए, इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यहां जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार पांडे, पूर्ति निरीक्षक अमित चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे। इसके बाद खाद्य आयुक्त ने मंडी पहुंच कर गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। पीसीएफ के सेंटर पर केवल छह हजार क्विंटल खरीद किए जाने पर नाराजगी जताई और केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया। कहा कि हर क्रय केंद्र पर प्रतिदिन कम से कम से तीन सौ क्विंटल गेहूं की खरीद होनी चाहिए। अगर किसान क्रय केंद्र पर नहीं आ रहे हैं तो केंद्र प्रभारी गांव जाकर उनसे संपर्क करें और गेहूं की खरीद सुनिश्चित कराएं।
निरीक्षण के दौरान संभागीय खाद्य नियंत्रक लखनऊ संतोष कुमार, एसडीएम अतुल प्रकाश श्रीवास्तव, डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडे, मंडी सचिव रामजी चौधरी, केंद्र प्रभारी विश्वनाथ मिश्रा, अवनीश कुमार व श्याम किशोर रस्तोगी आदि मौजूद रहे।