टड़ियावां। थाना क्षेत्र के गांव बुंदेला मजरा अटवा कटैया के पास से गुजरे शारदा नहर के माइनर में सोमवार की रात अज्ञात लोगों ने खांदी लगा दी। तेज बहाव के चलते तेजी से मिट्टी कटने से रात में आसपास क्षेत्र में पानी भर गया। ग्राम बुंदेला के कुछ घरों तक पानी पहुंच गया।
गांव निवासी इस्लाम हाशमी ने बताया कि जानकारी करने पर पता चला कि कुछ सिंघाड़ा कारोबारियों ने खांदी लगाई थी। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, ग्रामीणों से इसकी जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों के निर्देश पर सिंचाई विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर खांदी को बंद करवाया। सिंचाई विभाग के कर्मचारी अखिलेश कुमार ने बताया कि खांदी बंद करवा दी गई है।