कछौना। कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बंधुआमऊ में रोजगार सेवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव घर में ही संचालित किराने की दुकान में छत के कुंडे से रस्सी से बनाए गए फंदे से लटकता मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम बंधुआमऊ निवासी राजेश कुमार राठौर (40) पुत्र सुंदर ग्राम रोजगार सेवक था। पिछले कुछ दिनों से वह परेशान था। बुधवार रात उसने अपने घर में ही संचालित किराने की दुकान में छत के कुंडे से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। परिजनों ने शव लटकता देखा तो जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पिता का इकलौता पुत्र था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। कछौना कोतवाल राय सिंह ने बताया कि पारिवारिक कलह के चलते रोजगार सेवक ने फांसी लगाकर जान दी है।