पिहानी। लॉकडाउन के बाद भी ग्राम वाजिद नगर में भागवत कथा का आयोजन कर भीड़ जुटाए जाने की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यक्रम बंद करा दिया। लोगों को घर वापस भेजने के साथ ही पुलिस ने आयोजक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही पुलिस ने पंडाल उखड़वा साउंड सिस्टम कब्जे में ले लिया है।
क्षेत्र के ग्राम वाजिदनगर में बुधवार को अमर पाल के आवास पर भागवत कथा का आयोजन चल रहा था। इसमें बड़ी संख्या में गांव के लोग पंडाल आकर इकट्ठा हो गए। लॉक डाउन में रोक के बावजूद ऐसा आयोजन किए जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और कार्यक्रम बंद करा दिया। पुलिस ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को घर वापस भेज दिया और पंडाल उखड़वा कर टेंट व अन्य सामान कब्जे में ले लिया। कोतवाल सूर्य प्रकाश शुक्ला ने बताया कि आयोजक अमर पाल को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।