सांडी। अरवल थाना क्षेत्र के खिम्मापुरवा गांव में दुल्हन को नाबालिग बताकर उसके नाना ने थाने में सूचना दे दी। जिस पर पुलिस ने बरात रुकवा दी और दूल्हे को हिरासत में लिया। इस कारण दूल्हे को हवालात में ही रात बितानी पड़ी। सुबह पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद दूल्हे को घर भेज दिया।
खिम्मापुरवा गांव निवासी एक लड़की की शादी सांडी थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव में तय हुई थी। रविवार की शाम बरात आनी थी। बरात आने से कुछ घंटे पहले लड़की के नाना माधौगंज के रसूलपुर निवासी रामरतन ने उसे नाबालिग बताकर अरवल थाने में शिकायत कर दी।
पुलिस ने नाबालिग की शादी होने के मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने लड़की पक्ष को थाने में बुुलाकर शादी कार्यक्रम रुकवा दिया। इसके बाद अरवल पुलिस ने सांडी पुलिस को मामले की सूचना दी।
वहीं सांडी पुलिस ने दूल्हे व उसके परिजनों को थाने बुलवा लिया। दूल्हे को सारी रात हवालात में बितानी पड़ी। सुबह पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर दूल्हे को घर भेज दिया। वर पक्ष ने शादी में दो लाख रुपये का खर्च होने की बात कही। वहीं कन्या पक्ष ने अपना खर्च ढाई लाख रुपये बताया है।