शाहाबाद। विपक्ष आपदा में भी अपने लिए अवसर तलाश रहा है। विपक्ष ने नकारात्मक सोच व गलत बयानबाजी करके दुनिया में देश की छवि धूमिल करने का प्रयास किया है। यह बात राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक वाजपेयी ने सोमवार को यहां डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।
सांसद डॉ. वाजपेयी ने कहा कि नकारात्मक सोच के चलते ही 2014, 2017 व 2019 में जनता विपक्षी दलों को पूरी तरह से नकार चुकी है। इसके बाद भी विपक्षी दल अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
एक विपक्षी दल के नेता कोरोना वैक्सीन को भाजपा का टीका कह कर जनता को गुमराह करते रहे, अगर वह और अन्य दलों के नेता ऐसा न करते तो आज वैक्सीनेशन कार्यक्रम और ज्यादा सफल होता।
इस महामारी के दौर में वैक्सीन ने रक्षा कवच का काम किया है। सभी लोगों से अपील है वह वैक्सीन अवश्य लगवाएं। सांसद डा.वाजपेयी ने बताया कि केंद्र सरकार इस सत्र में अब तक अठारह हजार करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेज चुकी है।
सरकार जरूरतमंदों को निशुल्क राशन मुहैया करा रही है। अनाथों को भी आर्थिक सहायता दी जा रही है। कोरोना की रोकथाम के लिए सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयास सराहनीय हैं।
कोरोना संक्रमण से उबरने के बाद उन्होंने साठ जिलों का दौरा किया। सांसद ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को दुर्भाग्यपूर्ण बताया, कहा कि वहां भाजपा कार्यकर्ताओं को उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर भाजपा नेता पारुल दीक्षित व आकाश मिश्रा आदि मौजूद रहे।