हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने मानसिक बीमारी से परेशान होकर खुदकुशी करने की बात कही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
गांव गुरसंडा निवासी आरती (19) मंगलवार की दोपहर कमरा बंद करके सोने गई थी। देर शाम तक वह बाहर नहीं निकली, तो परिजनों को शंका हुई। उन्होंने आरती को आवाज लगाई लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला।
इस पर परिजनों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इस पर खिड़की से झांका तो अंदर बेटी का शव फंदे पर लटक रहा था। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पिता बाबूराम ने बताया कि बेटी काफी दिनों से मानसिक रूप से बीमार थी। उसे इलाज के बाद भी राहत नहीं मिल रही थी। इससे परेशान होकर बेटी ने जान दे दी।
मृतका छह बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उससे बड़ा भाई लालाराम एक वर्ष पूर्व फांसी लगाकर जान दे चुका है। एसओ राजदेव मिश्रा ने बताया कि घटना में बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है।