हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिजुआमऊ में संदिग्ध हालात में थ्रेसर में दुपट्टा फंसने के कारण गला कसने से किशोरी की मौत हो गई। पुलिस ने अस्पताल प्रशासन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया।
ग्राम बिजुआमऊ निवासी राम सेवक खेती करते हैं। उनके घर से लगभग साठ मीटर दूर स्थित खेत में शुक्रवार रात गेहूं की कटाई के बाद गहाई हो रही थी। इस दौरान उनकी पुत्री कुमकुम देवी (15) थ्रेसर के पास बैठी हुई थी।
वह थ्रेसर से गिरने वाले गेहूं के दाने एकत्र कर रही थी। इसी दौरान उसका दुपट्टा थ्रेसर के पट्टे (बेल्ट) में फंस गया। दुपट्टा फंसने से उसका गला कस गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों ने यह देखा, तो उसे किसी तरह बचाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम लेकर गए। जहां से चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शुक्रवार रात लगभग साढ़े 11 बजे उसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका छह भाई बहनों में दूसरे नंबर की थी।