सांडी। थाना क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर मंगलवार की दोपहर खड़ी बाइक की डिकी तोड़कर बदमाश चार लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी।
गांव मानीमऊ निवासी बालकराम ने बताया कि उसकी ससुराल बिलग्राम के नाऊपुरवा में है। सास की हाईवे किनारे जमीन थी। सास को जमीन के मुआवजे का रुपया मिला था। रुपये उसने बिलग्राम स्थित एसबीआई में जमा करा दिए थे।
मंगलवार को वह अपनी सास को लेकर बैंक पहुंचा और चार लाख रुपये निकाले। इसके बाद सास को नाऊपुरवा मेें छोड़ दिया। इसके बाद रुमाल में रुपये बांधकर बाइक की डिकी में रखकर अपने गांव आ रहा था।
बरोलिया पुल पर वह बाइक खड़ी करके सब्जी खरीदने लगा। इस दौरान आए बाइक सवार डिकी तोड़कर रुपये लेकर फरार हो गए। दुकानदारों ने डिकी से रुपये निकाल कर बाइक सवारों को भागते देख शोर मचाया, तो उसने बाइक सवारों का पीछा किया लेकिन वह भाग निकले। एसओ सुनील सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।