हरदोई। शहर कोतवाली की लाल पालपुर चौकी में रविवार की देर शाम चोरी के आरोप में युवक को चौकी लाकर पुलिस ने उसकी पिटाई कर दी। पुत्र को पिटता देख पिता एक सिपाही से भिड़ गया।
इसके बाद पिता-पुुत्र ने मिल कर सिपाही के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर उस पर शांतिभंग की कार्रवाई कर दी। जबकि पुत्र मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि लालपालपुर गांव निवासी सुचित की जमीन पर मोबाइल टॉवर लगा है। रविवार को सुचित ने गांव के भीम यादव के खिलाफ टॉवर से एंगल चोरी करने की शिकायत की थी।
रविवार की देर शाम लालपालपुर चौकी पुलिस भीम को पकड़कर चौकी ले आई। सूत्रों के मुताबिक चौकी में पुलिस उसकी पिटाई कर रही थी। इस दौरान उसका पिता सुरेश यादव वहां पहुंच गया।
वह पुत्र को पिटता देख गुस्सा गया और बेटे को पीटने वाले सिपाही से भिड़ गया। इसके बाद पिता-पुत्र ने मिलकर सिपाही की वर्दी फाड़ डाली। चौकी में सिपाही के साथ मारपीट की घटना होते देख मौके पर भीड़ लग गई।
सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने सुरेश को हिरासत मेें लिया। जबकि भीम पुलिस के आने से पहले फरार हो गया। कोतवाल बृजेश मिश्रा ने सिपाही के साथ मारपीट की घटना से इंकार किया है। बताया कि शराब के नशे मेें विवाद हुआ था। जिसमें सुरेश यादव नाम के व्यक्ति पर शांति भंग की कार्रवाई की गई है।