हरदोई। जिले में पंचायत चुनाव को लेकर होने वाली मतगणना को लेकर तैयारियां धीरे-धीरे पूरी होती दिख रहीं हैं। बिना मास्क के मतगणना कक्ष में किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि पंचायत चुनाव की मतगणना दो मई को निर्धारित है। आयोग के निर्देशानुसार मतगणना कार्य के लिए विकास खंड अहिरोरी में 32, बावन में 31, बेहंदर में 24, भरावन में 27, भरखनी में 34, बिलग्राम में 30, हरियावां में 22, हरपालपुर में 27, कछौना में 21, कोथावां में 23, मल्लावां में 17, माधौगंज में 25, पिहानी में 28, सांडी में 23, सुरसा में 30, शाहाबाद में 28, संडीला में 27, टड़ियावां में 25 व टोडरपुर में 26 मेज लगेंगी।
इस प्रकार पूरे जनपद की मतगणना कुल 500 मेजों पर होगी। मतगणना के लिए निर्धारित मेजों के अनुसार कक्षों का निर्धारण संबंधित निर्वाचन अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों द्वारा कर लिया गया है।
जिसका प्रदर्शन मतगणना केंद्रों पर एक मई को कर दिया जाएगा। पंचायत चुनाव में प्रतिभाग करने वाले प्रत्याशियों को सूचित करते हुए कहा कि वह अपने ब्लाक के निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क कर मतगणना मेज के अनुसार मतगणना अभिकर्ता की नियुक्ति करा लें।