हरदोई। पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चे की बुधवार सुबह मौत हो गई।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम जरारा निवासी रघुवीर ने बताया कि उसके चार माह के बच्चे आशिक की 12 जून को तबीयत बिगड़ गई थी। उसने जिला अस्पताल में बाल रोग विभाग के डॉक्टरों को दिखाया था।
डॉक्टरों ने जांच कर उसे पीआईसीयू वार्ड में भर्ती कर लिया था। बाल रोग विभाग के डॉ. कमर हैदर की देखरेख में उसका इलाज हो रहा था। डॉक्टर के मुताबिक उसे दस्त आ रहे थे।
हालत में कुछ सुधार होने व वजन कम होने के चलते 15 जून को उसे पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां पर बुधवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
डॉक्टर ने डायरिया की चपेट में आने से मौत होने की बात कही। सीएमएस डॉ. जेएन तिवारी ने बताया कि पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चे का बेहतर तरीके से इलाज किया जा रहा था, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ने से मौत हो गई।