हरदोई। जनपद की नोडल अधिकारी बनी अपर मुख्य सचिव डिंपल वर्मा ने रविवार को गांधी भवन में संचालित एकीकृत कोविड-19 कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए कोरोना संक्रमितों से फोन पर बात कर खुद ही उनका हाल जाना।
महानिदेशक युवा कल्याण विभाग ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सूर्यमणि त्रिपाठी को निर्देश दिए कि नगरीय एवं गांव स्तर की निगरानी समितियों को सक्रिय करें।
आशा व आंगनबाड़ी के अतिरिक्त गांव में गठित युवक मंगल दल को निगरानी समिति में जोड़कर उनसे भी गांव के कोरोना पीड़ित लोगों के बारे में प्रतिदिन जानकारी प्राप्त करें।
नोडल अधिकारी ने कहा कि होम आइसोलेसन कोरोना संक्रमितों को आशाओं के माध्यम से मेडिकल किट एवं अन्य आवश्यक दवाएं उनके घर पर भेजें।
क्षेत्र की आशा व आंगनबाड़ी संयुक्त रूप से पीड़ित व्यक्तियों के बारे में जानकारी रखें व गंभीर कोरोना पीड़ित व्यक्ति को तत्काल प्रभाव से एल-2 अस्पताल में भर्ती कराएं।
कोरोना टेस्टिंग प्रतिदिन अधिक से अधिक कराएं। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सभी टेबल पर उपस्थित कर्मचारियों से कहा कि एल-2 अस्पताल में भर्ती एवं होम आइसोलेशन कोरोना मरीजों से प्रतिदिन फोन पर वार्ता करें।
उनके स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त करें। मरीजों को आशाओं के माध्यम से मेडिकल किट आदि उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव, उप जिलाधिकारी सौरभ दुबे आदि मौजूद रहे।