संडीला। कोतवाली क्षेत्र में बांगरमऊ मार्ग पर बुधवार की शाम एक डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्राम भरिघना निवासी विमलेश (21) खेती करता था। उसकी ससुराल उन्नाव के बांगरमऊ थाने के नन्हूूपुरवा में है। बुधवार की देर शाम वह पत्नी रीना को वहां छोड़कर बाइक से वापस लौट रहा था।
रास्ते में संडीला कोतवाली क्षेत्र में बांगरमऊ मार्ग पर समदखेड़ा के पास पीछे से आए डंपर ने उसे टक्कर मार दी। वह हेलमेट नहीं लगाए था। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर चालक डंपर लेकर फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके आ गए।
परिजनों ने बताया कि दो माह पूर्व उसकी शादी हुई थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल वेनी माधव त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के भाई मुन्नी लाल की तहरीर पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।