फोटो-9-मुख्य डाकघर के बाहर कोरोना की जांच को नमूना लेते मोबाइल वैन में सवार स्वास्थ्य कर्मी। संवा?
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जिले में रविवार को 45 कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। इनमें सीओ हरियावां कार्यालय में तैनात तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। एक दंपति भी पॉजिटिव है। इसके साथ ही जनपद में कुल संक्रमित 349 हो गए हैं। अब तक छह मौतें हुई हैं, जबकि 230 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस 113 हैं।
सीओ हरियावां कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों (53), (47) और (56) की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें मलिहामऊ के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संडीला कोतवाली क्षेत्र में दो सगे भाई भी संक्रमित मिले हैं। इनमें मंडई निवासी युवक (27) मुंबई में नेवी में है। फ्लाइट से नौ जुलाई को मुंबई से लखनऊ से आए थे। लखनऊ एयरपोर्ट से टैक्सी से संडीला आए और सीएचसी में कोरोना की जांच को नमूना दिया। उनके साथ उनका छोटा भाई (17) भी मुंबई से आया था। संडीला नगर पालिका परिषद में तैनात दो महिला सफाईकर्मी भी संक्रमित मिली हैं। संडीला कस्बे के मुल्लनटोला निवासी महिला (25) नगर पालिका में सफाई कर्मी है। उसके संपर्क में आए चार लोगों को चिह्नित किया गया है। इसी तरह शीतला मंदिर गली में रहने वाली महिला सफाई कर्मी (28) भी संक्रमित मिली है। इसके संपर्क में आए पांच लोगों को चिह्नित किया गया है। बघौली थाने में तैनात महिला सिपाही (38) और उसके पति (41) भी संक्रमित मिले हैं। दोनों का 10 जुलाई को नमूना लिया गया था। पॉजिटिव महिला सिपाही बघौली थाना परिसर में ही बने आवास में पति और दो बच्चियों के साथ रहती है।
उधर मल्लावां कस्बे के मिर्जापुर निवासी युवक (20) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उसके चाचा का एक वर्ष पहले ऑपरेशन हुआ था। उसे दोबारा चाचा को दिखाने के लिए लखनऊ अस्पताल जाना था। अस्पताल में संपर्क करने पर कहा गया था कि कोरोना की जांच कराने के बाद ही आएं। इस पर युवक ने अपना और चाचा का नमूना कोरोना की जांच को दिया था। इसी तरह मल्लावां क्षेत्र के बीकापुर निवासी युवक (24) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। ये युवक लखनऊ में 102 एंबुलेंस सेवा में इमरजेंसी रिस्पांस ऑफीसर है और तीन जुलाई को बीकापुर स्थित मकान पर आया था। तब से यहीं रह रहा था। बिलग्राम सीएचसी में लैब असिस्टेंट मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के भवन खेड़ा निवासी शख्स (45) भी पॉजिटिव मिला है। वह मल्लावां कस्बे के कटरा मोहल्ले में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता है। शाहाबाद सीएचसी में तैनात एएनएम (22) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वह सिंगुलापुर उपकेंद्र पर तैनात है। पिहानी कस्बे के मोहल्ला मुरीदखानी निवासी युवक (28) भी संक्रमित पाया गया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी प्रधान डाकघर कर्मी (26) भी संक्रमित है। शहर के मोहल्ला ऊंचाथोक निवासी युवक (29) भी संक्रमित है।