हरदोई। उप्र लेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष राममूरत यादव ने शुक्रवार को प्रस्तावित लेखपाल संघ की शाखा तहसील सदर की निर्वाचन प्रक्रिया स्थगित कर दी है। कहा है कि पहले निवर्तमान तहसील अध्यक्ष ऐश्वर्य प्रकाश मिश्र को संघ से निलंबित किए जाने के प्रकरण की जांच होगी। जांच के बाद चुनाव के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने लेखपाल संघ के मध्य जोन के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह को पूरे प्रकरण की जांच का जिम्मा सौंपा है।
उप्र लेखपाल संघ के निर्वतमान तहसील अध्यक्ष ऐश्वर्य प्रकाश मिश्र की संगठन की सदस्यता छह जनवरी को निलंबित कर दी गई थी। उनकी सदस्यता निलंबित होने के बाद जिला इकाई द्वारा शाखा तहसील सदर के चुनाव की घोषणा कर दी गई थी। इस पूरे प्रकरण पर असंतोष जताते हुए बड़ी संख्या में सदर तहसील के लेखपालों ने एक पत्र पर दस्तखत कर ऐश्वर्य का निलंबन वापस लिए जाने की मांग करते हुए प्रांतीय नेतृत्व को पत्र भेजा था। वहीं कार्रवाई वापस लिए जाने के लिए ऐश्वर्य प्रकाश मिश्र द्वारा भी दो बार पत्र भेजा जा चुका है। प्रांतीय नेतृत्व ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया है। प्रदेश अध्यक्ष राम मूरत यादव ने इसका संज्ञान लेते हुए शाखा तहसील सदर की शुक्रवार को प्रस्तावित चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए संघ के मध्य जोन के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह को जांच अधिकारी नामित किया है। कहा है कि एक सप्ताह के अंदर जिला कमेटी की बैठक आयोजित की जाए और लेखपाल ऐश्वर्य प्रकाश द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर विचार किया जाए, उन्हें पक्ष रखने का अवसर दिया जाए। प्रदेश अध्यक्ष ने जांच अधिकारी को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैैं। साथ ही जिला कमेटी को निर्देशित करते हुए कहा है कि जब तक इस प्रकरण में कोई निर्णय नहीं हो जाता, तब तक शाखा तहसील सदर का निर्वाचन प्रक्रिया स्थगित रखी जाए।