हरदोई। भरावन विकास खंड की ग्राम पंचायत लौली में तालाब में मिट्टी भरवाकर पंचायत भवन का निर्माण कराने और पिलर धंसने के साथ ही दीवार में दरार पड़ जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेकर मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना ने दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। एक सप्ताह के अंदर स्थलीय निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है। टीम में जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश चंद्र और ग्राम्य विकास अभिकरण के सहायक अभियंता राजेश सिंह शामिल हैं।
भरावन विकास खंड के ग्राम लौली में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत पंचायत भवन का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। बीते दिनों निर्माणाधीन पंचायत भवन का एक पिलर धंस गया था और दीवार में दरार आ गई थी। इसकी मुख्य वजह पंचायत भवन का निर्माण तालाब में मिट्टी का भराव डलवाकर कराया जाना थी। 400 रुपये प्रति ट्राली की दर से 385 ट्राली मिट्टी का भराव यहां कराया गया। पंचायत भवन के निर्माण की शुरुआत होते ही तालाब को पाटे जाने और यहां निर्माण कराए जाने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की थी, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया।
अमर उजाला ने इस संबंध में नौ अगस्त के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर को संज्ञान में लेकर सीडीओ आकांक्षा राना ने सख्त रुख दिखाया है। सीडीओ ने पूरे प्रकरण की जांच तकनीकी दृष्टि से भी कराने के लिए टीम गठित की है। जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश चंद्र और ग्राम्य विकास अभिकरण के सहायक अभिंयता राजेश सिंह की कमेटी एक सप्ताह के अंदर स्थलीय निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट सीडीओ को देगी। उक्त टीम सभी बिंदुओं पर विस्तार से जांच करेगी।