युवक की तलाश के दौरान नहर के पटरी पर बैठा पिता व मौजूद अन्य। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पत्नी से विवाद होने व पिता द्वारा डांटे जाने के बाद नाराज होकर घर से निकले युवक के कपड़े सुबह घर से दूर हसनापुर पुल पर रखे मिले। ड्यूटी पर पहुंचे होमगार्ड से इसकी सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने ग्रामीणों ने नहर में काफी तलाश किया, लेकिन युवक का कहीं पता नहीं चल सका है। पिता ने लोनार थाने पहुंच कर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी है।
लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम भीखपुर निवासी देवेश उर्फ कल्लू (30) का शनिवार की रात पत्नी से किसी बात पर विवाद हो रहा था। इस पर पिता भगवान बक्श ने डांट कर उसे शांत करा दिया था। रविवार की अल सुबह देवेश उर्फ कल्लू किसी को बिना कुछ बताए घर से निकल गया। इधर, सुबह नौ बजे गांव से दो किलोमीटर दूर स्थित हसनापुर पुल की रेलिंग पर उसकी पैंट शर्ट रखी मिली। सुबह वहां ड्यूटी पर पहुंचे होमगार्ड ने रेलिंग पर कपड़े रखे देख आसपास के लोगों से जानकारी ली। आसपास के लोगों से एक युवक के कपड़े रेलिंग पर रखे होने की जानकारी मिलने पर कल्लू के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने कपड़े पहचान लिए। देवेश उर्फ कल्लू के नहर में कूदने की आशंका से ग्रसित परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से नहर में उसकी तलाश शुरू करा दिया। परिजन व ग्रामीण दोपहर तक तलाशते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। ताऊ ब्रजराज ने बताया कि देवेश उर्फ कल्लू तैरना जानता है, ऐसे में उसके डूबने की आशंका कम है। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है।
पिता भगवान बक्श ने दोपहर में लोनार कोतवाली पहुंच कर उसकी गुमशुदगी की सूचना दी। कोतवाल रंधा सिंह यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। युवक को तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है।