भरावन (हरदोई)। लगातार सात दिनों से तौल न होने से परेशान किसानों ने रविवार को विकास खंड भरावन के खसरौल गांव में स्थित यूपीएसएस के गेहूं क्रय केंद्र पर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने गेहूं तौल के नाम पर 150 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया।
खसरौल गांव में साधन सहकारी समिति पर यूपीएसएस के गेहूं क्रय केंद्र पर सात दिनों से तौल पूरी तरह बंद है। इसके पहले भी तौल बंद रही है। तौल न होने से लगभग 15 दिन से क्रय केंद्र पर किसानों की 25 से ज्यादा गेहूं से लदी ट्रैक्टर ट्रालियां खड़ी हैं। काफी चिरौरी करने के बाद भी केंद्र प्रभारी केशन पाल सिंह के तौल न कराने पर रविवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित किसानों ने खूब हंगामा किया। क्रय केंद्र पर प्रदर्शन कर विरोध जताया।
किसान रंजीत सिंह, बब्बू सिंह भदौरिया, अशोक कुमार, अरुण सिंह, रामप्रकाश, मुन्नीलाल, हनुमान यादव व सचिन अवस्थी आदि ने आरोप लगाया कि केंद्र प्रभारी द्वारा सीधे किसानों से तौल नहीं कराई जा रही है। एक सप्ताह पहले तक तौल जरूर हुई, लेकिन इसके लिए किसानों से 150 रुपये प्रति क्विंटल तक कमीशन लिया गया है।
वहीं, इस संबंध में केंद्र प्रभारी केशन पाल का कहना है कि कमीशन का आरोप निराधार है। केंद्र पर अब तक पांच हजार क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। गेहूं के उठान समेत अन्य दिक्कतों के कारण तौल प्रभावित है। गेहूं का उठान होने के बाद फिर से तौल शुरू कराई जाएगी।
---