कस्बे में कुछ इस तरह जर्जर हो चुकी है विद्युत लाइन। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जल्द ही कस्बे के लोगों को जर्जर विद्युत लाइनों व इससे होने वाली फाल्टों से निजात मिलेगी। बिजली विभाग ने कस्बे की जर्जर विद्युत लाइनों को बदलने की कवायद तेज कर दी है। रविवार को एसडीओ आदित्य यादव ने लार्सन एंड टुब्रो कंपनी एवं ग्रामीण प्रोजेक्ट मैनेजमेंट एजेंसी के अधिकारियों के साथ जर्जर लाइनों का सर्वे कर नक्शा तैयार किया। एसडीओ ने बताया कि रिपोर्ट शासन भेजी जा रही है। जल्द ही लाइन बदलवाई जाएगी।
कस्बा स्थित सब स्टेशन से संचालित बावन टाउन फीडर से कस्बा व आसपास क्षेत्र को विद्युत आपूर्ति दी जाती है। कस्बे में पड़ी विद्युत लाइन व लगवाए गए खंभे काफी पुराने हो चुके हैं, जिसके चलते आए दिन फाल्ट होते रहते हैं। फाल्ट होने की स्थिति में आपूर्ति बाधित होती है। कस्बे के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
समाजसेवी धर्मेश मिश्रा, आकाश राठौर व मोहित अवस्थी समेत कस्बे के विद्युत उपभोक्ता लंबे समय से जर्जर लाइन व खंभे बदलवाए जाने की मांग कर रहे थे। इधर, एशियाई विकास बैंक के एक प्रोजेक्ट के तहत पूरे प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में जर्जर विद्युत लाइनें बदलवाए जाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में रविवार को एसडीओ आदित्य यादव ने एशियाई विकास बैंक के प्रोजेक्ट के तहत लार्सन एंड टुब्रो कंपनी (पीएमए) के फील्ड इंजीनियर कैलाश देव व प्रोजेक्ट मैनेजमेंट एजेंसी के सहायक परियोजना अभियंता सुनील कुमार के साथ खराब लाइन व खंभों का संयुक्त सर्वे कर नक्शा तैयार किया।
एसडीओ आदित्य यादव ने बताया कि पूरे कस्बे में बिजली लाइन का सर्वे हुआ है। खराब पोल व लाइन की जगह पर नए उपकरण लगेंगे। बताया कि खुले तारों की जगह पर एरियल बंच केबल डाला जाएगा। इससे बिजली चोरी रुकेगी, साथ ही लोगों को लोकल फाल्ट से भी निजात मिलेगी। बताया कि रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी गई, इस महीने के अंत तक काम शुरू होने की उम्मीद है।