हरदोई। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्रों की खरीद को लेकर बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय में दावेदारों की भीड़ रही। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अब तक जिला पंचायत सदस्य के 545 नामांकन पत्रों की बिक्री की जा चुकी है। जिला पंचायत सदस्य के कुल 72 पद हैं।
पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन तीन व चार अप्रैल को किया जाना है। जिला पंचायत सदस्य के पद पर नामांकन कलक्ट्रेट स्थित अपर जिलाधिकारी न्यायालय में किया जाएगा जबकि अन्य पदों पर नामांकन ब्लाक मुख्यालयों पर होगा। नामांकन से पूर्व नामांकन पत्रों की बिक्री जिला पंचायत कार्यालय से हो रहा है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बीएल भार्गव ने बताया कि 27 मार्च से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू है। पहले दिन 87, उसके बाद 30 मार्च तक 298 व बुधवार को तीसरे दिन तक 545 नामांकन पत्रों की बिक्री की जा चुकी है। इधर नो ड्यूज फार्म लेने व जमा करने के लिए दावेदारों की लाइनें लगीं रहीं।