हरदोई। पंचायत चुनाव करीब आते ही अवैध शस्त्रों के निर्माण का गैरकानूनी कारोबार तेजी से चल निकला है। कछौना कोतवाली पुलिस ने अवैध शस्त्रों का निर्माण करने वाली फैक्टरी पकड़ी है। एक शातिर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला। पुलिस ने छह अवैध शस्त्र और 21 कारतूस भी बरामद किए हैं।
कार्यालय कक्ष में पत्रकारों से वार्ता करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी कपिल देव सिंह ने बताया कि कछौना की कोतवाल हंसमती को ग्राम बहदिन में अवैध शस्त्रों की फैक्टरी संचालित किए जाने की जानकारी मिली थी। इस पर कोतवाल ने टीम के साथ रविवार को बहदिन में छापा डाला। यहां हरिनाम पुत्र जयलाल निवासी बहदिन को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे और निशानदेही पर पांच तमंचे और एक देशी बंदूक और 21 कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस को मौके से शस्त्र बनाने के उपकरण भी बरामद हुए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके से हरिनाम का साथी जवाहर पुत्र मंगलू निवासी शेखवापुर सिकंदरपुर कोतवाली बेनीगंज फरार हो गया। पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कर हरिनाम को जेल भेजा गया है, जबकि जवाहर की तलाश पुलिस कर रही है। खुलासा करने वाली टीम में कोतवाल हंसमती के अलावा उपनिरीक्षक वीके पासवान, अब्दुल जब्बार खां, सिपाही हर्षेंद्र, अरुण कुमार, संदीप कुमार, रोहित और राकेश कुमार शामिल रहे।