हरदोई। शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम बारी में बिजली के तारों में स्पार्किंग होने से खेत में खड़े गन्ने की फसल में आग लग गई। जब तक आग बुझाई जाती तब तक एक लाख रुपये की कीमत का गन्ना जल गया। वहीं अरवल के ग्राम दहेलिया में अज्ञात कारण से आग लगने पर तीन झोपड़ियां जल गईं। आग की चपेट में आने पर छह भैंस भी झुलस गईं हैं।
शाहाबाद प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार को ग्राम बारी में विद्युत लाइन के तारों में स्पार्किंग होने पर चिंगारियां नीचे खेत तक पहुंच गईं। इससे खेत में खड़ी गन्ने की फसल में आग लग गई। आस पास के किसान मौके पर पहुंचे और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद किसानों ने निजी संसाधनों से आग पर काबू पाया। हादसे में कैलाश नारायण के खेत में खड़ा लगभग 70 हजार रुपये व रामकृष्ण के खेत में खड़ा 35 हजार रुपये की कीमत का गन्ना जल गया। हरपालपुर प्रतिनिधि के अनुसार अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम जवाहरपुरवा मजरा दहेलिया में गुरुवार की रात वेदराम की झोपड़ी में अज्ञात कारण से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास ही स्थित राजेश्वर व बृजेश की झोपड़ियाें को भी जद में ले लिया। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक तीनों घरों में रखी गृहस्थी जल चुकी थी। आग की चपेट में आने पर छह भैंसें भी झुलस गईं। (संवाद)