हरदोई। कोरोना संक्रमण की रफ्तार दिनों दिन जिले में कम होती जा रही है। रविवार को जिले में नए कोरोना संक्रमितों की संख्या 29 पाई गई है, जबकि 24 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना ने बताया कि जिले में अब टोटल एक्टिव केसों की संख्या 623 है। जिले में अब तक निकले पॉजिटिव केसों की संख्या 13356 है। उन्होंने बताया कि जिले में जांच का दायरा लगातार बढ़ाया गया है। इस दिन करीब 4191 जांचें कराई गईं हैं। उन्होंने बताया कि जिले का रिकवरी रेट अब 92.96 प्रतिशत पहुंच गया है।
जिले में कोरोना से अब तक 317 मौतें
सरकारी आंकड़ों की माने तो अब तक कोरोना से जिले में 317 मौतें हुई हैं। 10154 को होम आइसोलेट कराकर ही ठीक करा लिया गया है।
एक जून से होना है युवाओं का टीकाकरण
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन का कहना है कि एक जून से 18 साल से लेकर 44 साल तक के युवाओं को को-वैक्सीन लगाई जाएगी। जिले को कितनी वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। अभी तक जिले को इस तरह का कोई डाटा उपलब्ध नहीं है। इसके साथ ही निदेशालय के अन्य दिशा निर्देशों का भी इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद ही जिले में योजना तैयार की जाएगी।