हरदोई। बिजनौर डैम से रविवार की सुबह सवा चार लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे मंगलवार तक गंगा का जलस्तर बढ़ने की संभावना है। इसको लेकर सिंचाई विभाग ने गंगा किनारे बसे 16 गांवों को अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ की संभावनाओं को देखते हुए स्थिति पर लगातार निगाह रखी जा रही है। लोगों को डरने या घबराने की जरूरत नहीं है।
पहाड़ों पर लगातार बारिश हो रही है। बारिश का पानी नदियों और बांधों तक पहुंच रहा है। बांधों पर पड़ रहे अत्यधिक भार को कम करने के लिए नदियों में निरंतर पानी छोड़ा जा रहा है। रविवार की सुबह बिजनौर डैम से गंगा नदी में लगभग सवा चार लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। पानी के मंगलवार तक जिले में पहुंचने की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि पानी भारी मात्रा में छोड़ा गया है। इससे यहां गंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोत्तरी होना तय है। ऐसे में गंगा के तटवर्ती इलाकों में बसे ऐसे गांव जो बाढ़ व कटान से प्रभावित हैं, वहां के लोगों से विशेष एहतियात बरतने की अपील की गई है। बाढ़ चौकियों से भी क्षेत्र पर व नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोगों से अपील की जा रही है कि वह तटवर्ती इलाकों से हट जाएं। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अखिलेश कुमार गौतम ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना के चलते चौकसी बढ़ा दी गई है। लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
----
इन गांवों में जारी किया गया अलर्ट
सिंचाई विभाग की ओर से जिन गांव के लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। गंगा नदी किनारे बसे गांव जरौला, कटरी परसोला, कटरी बिछुइया, कटरी छिबरामऊ, महादेवा, बिलुही सरौला, सढिय़ापुर, तेरा कुल्ली, मक्कूपुरवा, मगरहा, शाहपुर पवार, कुतुआपुर, छोछपुर, तेरा पुरसौली, मंसूरपुर व खेजलापुर आदि गांव शामिल हैं।