हरदोई। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश की वजह से बांधों में भारी मात्रा में पानी पहुंच रहा है। बांधों में पानी की व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए हरिद्वार, बिजनौर व नरौरा बांध से लगातार नदियों में पानी छोड़ा जा रहा है। बुधवार की सुबह नरौरा से गंगा नदी में 77 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है, जो गुरुवार तक जिले में पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इतनी कम मात्रा में छोड़े गए पानी का यहां कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
जनपद में हरपालपुर, सांडी व बिलग्राम का बड़ा हिस्सा ऐसा है, जहां से गंगा नदी प्रवाहित होती हैं। हर साल बारिश में व बांधों में पानी छोड़े जाने की वजह से यहां बाढ़ के हालात बन जाते हैं। इधर कुछ दिनों से बारिश शुरू हो गई है। पहाड़ों पर होने वाली बारिश का पानी हरिद्वार, बिजनौर व नरौरा बांध पर छोड़ा जाता है। पिछले कई दिनों से लगातार नरौरा व अन्य बांधों से गंगा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है, लेकिन इसकी मात्रा काफी कम है। इधर बुधवार को नरौरा बांध से 77 हजार क्यूसेक से अधिक पानी नदी में छोड़ा गया है, छोड़ा गया पानी गुरुवार तक जिले में पहुंचने की संभावना है। सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता अखिलेश गौतम ने बताया कि नदी अभी चेतावनी बिंदु के नीचे बह रही है। नदी में जितनी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है, उससे जलस्तर में बढ़ोत्तरी नहीं होगी। अगस्त में नदी के जलस्तर में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। इसके दृष्टिगत अभी से सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। नदी के जलस्तर पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।