हरदोई। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण की अगली तारीखों का एलान शासन ने कर दिया है। 22, 28 और 29 जनवरी को टीकाकरण किया जाएगा। पूर्व से चिह्नित किए जा चुके 7405 फ्रंटलाइन वर्कर्स का ही टीकाकरण होगा। इस बार 12 स्थानों पर टीकाकरण किया जाएगा।
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण की शुरुआत बीती 16 जनवरी को हो चुकी है। तब जनपद में तीन स्थानों पर 271 फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना का टीका लगाया गया था। टीकाकरण के प्रथम चरण में चिह्नित किए गए 14 हजार 197 फ्रंटलाइन वर्कर्स को अलग-अलग दिनों में टीका लगाया जाना है। शासन ने अब 22, 28 और 29 जनवरी को टीकाकरण का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जनपद में कुल 12 स्थानों पर इन तीनों तारीखों में टीकाकरण किया जाएगा। प्रथम चरण में चिह्नित किए गए फ्रंटलाइन वर्कर्स में से 7405 लोगों को 22, 28 और 29 जनवरी को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए 25 टीमें भी गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में पूर्व की तरह ही एक पुलिस कर्मी समेत छह कर्मचारी और चिकित्सक हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि को-विन एप पर जनपद के 14 हजार 197 फ्रंटलाइन वर्कर्स का ब्योरा फीड किया जा चुका है। 22, 28 और 29 जनवरी को जिन लोगों के टीका लगना है, उनके मोबाइल नंबर पर एसएमएस को-विन एप से पहुंच जाएगा। इसके अलावा जिला कमांड और कंट्रोल रूम से भी संबंधित लोगों को टीकाकरण के स्थान और तारीख के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इन स्थानों पर होगा टीकाकरण
- सौ शय्या संयुक्त चिकित्सालय नयागांव
- जिला महिला चिकित्सालय
- बेंहदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- भरावन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- कछौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- कोथावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- माधौगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- मल्लावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- पिहानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- सांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- संडीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र