हरदोई। ब्लाक प्रमुख पद पर नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान अलग अलग स्थानों पर हंगामा हुआ। सांडी में सपा प्रत्याशी का नामांकन पत्र एआरओ कक्ष में फाड़ दिया गया, तो भरखनी में भी कई राउंड फायरिंग भी हुई।
सांडी से सपा प्रत्याशी शशि यादव गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए एआरओ कक्ष में गईं थीं। कक्ष में भाजपा प्रत्याशी अनिल राजपूत पहले से मौजूद थे। शशि के मुताबिक उन्होंने जैसे ही एआरओ की मेज पर अपने नामांकन पत्र के दो सेट रखे, वैसे ही भाजपा प्रत्याशी ने नामांकन पत्र उठाकर बाहर की ओर दौड़ लगा दी व नामांकन पत्र फाड़ दिया। इस पर सपा प्रत्याशी के समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशी को पकड़ भी लिया और तीखी नोकझोंक हुई। इसी बीच भाजपा प्रत्याशी मौका पाकर वहां से निकल गए। बाद में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पदमराग सिंह यादव मौके पर पहुंचे और एक अन्य सेट शशि यादव का दाखिल कराया।
उधर, भरखनी में भी जमकर बवाल हुआ। सपाइयों का आरोप है कि सत्ता पक्ष के लोगों ने सपा प्रत्याशी को नामांकन से रोकने के लिए ब्लाक मुख्यालय के निकट फायरिंग की। इससे अफरा तफरी मच गई। जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी कपिल देव सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि नामांकन दाखिल करने को लेकर फायरिंग नहीं हुई है। दूसरे विवाद में फायरिंग की बात सामने आई है जिसकी जांच की जा रही है।