हरदोई। शहर के मोहल्ला रेलवे गंज स्थित नगर विकास बैंक में रविवार की रात आग लग गई। बैंक से धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी एटीएम की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचे और लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बैंक के शाखा प्रबंधक बीएल पटेल ने बताया कि लगभग चार लाख रुपये के नुकसान होने का अनुमान है। नुकसान का सही आंकलन किया जा रहा है।
मोहल्ला रेलवेगंज में कृष्ण गोपाल के मकान में नगर विकास बैंक की शाखा संचालित है। रविवार की रात लगभग 12:30 बजे बैंक में आग लग गई। आसपास के लोगों ने बैंक के अंदर से धुआं उठता देख पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर बैंक कर्मियों को बुलाकर गेट का ताला तोड़ा, लेकिन ज्यादा धुआं होने के कारण कर्मचारी अंदर नहीं जा सके। इसके बाद एटीएम कक्ष की दीवार तोड़कर फायर ब्रिगेड के कर्मचारी बैंक के अंदर गए और लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक अंदर रखा फर्नीचर, विड्राल फार्म, अन्य अभिलेख व कई कंप्यूटर सिस्टम जल चुके थे। शाखा प्रबंधक बीएल पटेल ने बताया कि लगभग चार लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। घटना के संबंध में अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।
----