हरपालपुर। सांडी थाना क्षेत्र के बरौलिया में उन्नाव कटरा मार्ग के किनारे खाली पड़ी भूमि पर शनिवार को ग्रामीणों ने हनुमानजी की मूर्ति स्थापित कर दी। इसके कुछ देर बाद ही यहां विवाद तूल पकड़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया।
बरौलिया गांव स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर के नाम से काफी भूमि अभिलेखों में दर्ज है। मंदिर के पीछे ग्राम समाज की भूमि पर 10 साल पहले कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निर्माण कराया गया था। इसके पास उन्नाव कटरा मार्ग पर सड़क किनारे पड़ी भूमि को बरौलिया के एक शख्स ने म्योढ़ा के दो लोगों को बेच दिया था। खरीदने वालों ने इस जमीन को किसी और को बेच दिया। इसी भूमि पर जेसीबी से सफाई कराई जा रही थी।
इस बीच बरौलिया के 10-12 लोग मौके पर पहुंचे और इसे मंदिर की जमीन बताकर सफाई करवाने से रोक दिया। शनिवार शाम इस भूमि पर ग्रामीणों ने हनुमान जी की मूर्ति स्थापित कर दी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्षेत्र पंचायत सदस्य सीताराम का कहना है कि यह भूमि ठाकुरद्वारा मंदिर की है। प्रभारी निरीक्षक बसंत राम ने बताया कि विवादित भूमि पर कोई कार्य न कराने की नसीहत दोनों पक्षाें को दी गई है। राजस्व विभाग को भी जानकारी दे दी गई है।