हरदोई। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार को शाहाबाद व शहर की कई दुकानों पर खाद्य पदार्थों की जांच की। मिलावट की आशंका पर टीम ने हल्दी पाउडर, नमकीन व रस्क समेत छह खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं।
अभिहित अधिकारी सतीश कुमार की अगुवाई में चलाए गए अभियान के तहत टीम ने शाहाबाद कस्बे में तीन दुकानों से हल्दी पाउडर, सूजी व सरसों के तेल का सैंपल लिया। इसके बाद टीम ने शहर में जांच अभियान चलाया। टीम ने रफी अहमद चौराहा स्थित दुकान से सील्ड रस्क, एक अन्य दुकान से ब्रांडेड नमकीन व बिलग्राम चुंगी स्थित दुकान से हल्दी पाउडर का सैंपल लिया। अभिहित अधिकारी ने बताया कि सभी सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके पाठक ने बताया कि बकरीद व रक्षाबंधन के मद्देनजर चलाया जा रहा अभियान जारी रहेगा। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजीत सिंह, घनश्याम वर्मा, खुशीराम व अनिरुद्ध सिंह गंगवार आदि मौजूद रहे।