- बृहस्पतिवार की रात दो बाइकों की भिड़त में तीन युवकों की मौत हो गई थी
- सिर में गंभीर चोटों से गई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। लखनऊ रोड पर बृहस्पतिवार रात सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बाइक सवार तीनों युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। इनमें से दो की मौत तो सिर में गंभीर चोटों के कारण हुई, जबकि एक की मौत सिर के साथ गुर्दा फट जाने के कारण हो गई।
देहात कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात दो बाइकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई थी। मां बेटी समेत तीन लोग घायल भी हुए थे। बरगदिया निवासी सोनेलाल, उसके दोस्त राजन और दूसरी बाइक पर सवार पेड़वा निवासी आदित्य की मौत हुई थी। सोनेलाल और राजन एक बाइक पर थे, जबकि आदित्य दूसरी बाइक पर अपनी मां, भाभी और भतीजी के साथ था। तीनों ही बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। शुक्रवार को तीनों का पोस्टमार्टम कराया गया। सोनेलाल के सिर, माथे और चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण मौत होने की बात सामने आई है। आदित्य का चेहरे, छाती और बायां फेफड़ा फट जाने के कारण मौत हुई है। राजन की मौत गुर्दा फट जाने के कारण होने की बात सामने आई है।
इनसेट
शादी के लिए लड़की देखने पंजाब से आया था राजन
राजन के बड़े भाई कौशल ने बताया कि राजन की शादी शहर कोतवाली क्षेत्र के समुदा भिठारी के पास स्थित एक गांव में तय की थी। लड़की देखने के लिए राजन बुधवार को पंजाब से गांव आया था। शुक्रवार को उसे लड़की देखने जाना था। उससे पहले ही घटना हो गई। मृतक आदित्य के मामा सुनील के मुताबिक, आदित्य की शादी के लिए रिश्ते आ रहे थे। देखरेख चल रही थी।
इनसेट
रात में मेला देखने की बनाई थी योजना
घोसार निवासी राजन और सोनेलाल के दोस्त श्यामू ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात सभी दोस्तों को बालामऊ में लगे मेले में जाना था। इसके लिए वह और गांव निवासी सुजीत, आनंद, शंकू गांव में सोने लाल और राजन का इंतजार कर रहे थे। दोनों के गांव आने के बाद ही सभी दोस्त मेले में जाते, लेकिन दोस्तों को दोनों की मौत की खबर मिली।