हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-बावन रोड पर सोमवार देर रात एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार बाइक घुस गई। जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी भांजी और साथी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
देहात कोतवाली के अमरता निवासी सुरेंद्र (40) सोमवार को बाइक से गांव के श्रीकांत के साथ उसकी बहन कठेरिया निवासी बहन मीना के घर गया था। रात को वापसी करते समय साथ में श्रीकांत की भांजी लक्ष्मी भी थी।
बाइक सुरेंद्र चला रहा था, बीच में लक्ष्मी और पीछे श्रीकांत बैठा था। शहर कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-बावन रोड पर पालीटेक्निक के पास ब्रेकर पर ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिसके चलते सुरेंद्र की बाइक पीछे से ट्रक में घुस गई। हेलमेट न होने की वजह से सुरेंद्र के सिर पर चोट लगने से मौके पर मौत हो गई। लक्ष्मी व श्रीकांत को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।