- व्यापारी लगातार गुरगुज्जा फीडर को अलग करने की कर रहे थे मांग
- औद्योगिक क्षेत्र में लोकल फॉल्ट होगा कम, आम उपभोक्ताओं को भी मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शहर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र में बार-बार होने वाले बिजली संकट और लोकल फॉल्ट की समस्या से जल्द निजात मिलने जा रही है। व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए विद्युत वितरण निगम ने गुरगुज्जा फीडर को औद्योगिक उपकेंद्र (इंडस्ट्रियल सब-स्टेशन) से अलग करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। इस फीडर के हटने से न सिर्फ उद्यमियों को निर्बाध बिजली मिलेगी, बल्कि गुरगुज्जा क्षेत्र के हजारों आम उपभोक्ताओं को भी बार-बार की कटौती से बड़ी राहत मिलेगी।
औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी और स्थानीय व्यापारी लगातार गुरगुज्जा फीडर को औद्योगिक उपकेंद्र से अलग करने की मांग कर रहे थे। व्यापारियों का तर्क था कि कमर्शियल और घरेलू लोड एक ही उपकेंद्र पर होने की वजह से आए दिन ओवरलोडिंग की समस्या बनी रहती थी। इसके कारण न केवल फैक्ट्रियों में उत्पादन प्रभावित होता था, बल्कि मशीनों के जलने और लोकल फॉल्ट की घटनाएं भी आम हो गई थीं। व्यापारी संगठनों ने कई बार इस संबंध में उद्योग बंधु की बैठक में मुद्दा उठा था। विद्युत वितरण निगम की ओर से इस संबंध में लगातार कवायद की जा रही थी। विद्युत वितरण को अब 132 केवीए मन्नापुरवा से फीडर को जोड़ने का स्थान मिल गया है। इससे अब गुरगुज्जा को एक और नई लाइन से जोड़ दिया जाएगा और औद्योगिक क्षेत्र उपकेंद्र से आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। इससे जहां औद्योगिक क्षेत्र उपकेंद्र पर लोड कम हो जाएगा। वहीं गुरगुज्जा की अलग लाइन होने से लोड कम होने से उसे जुड़े आम उपभोक्ताओं को भी लोकल फॉल्ट से राहत मिलेगी।
वर्जन
फीडर को अलग करने संबंधी तकनीकी प्रक्रिया और इंफ्रास्ट्रक्चर का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। - प्रेम प्रकाश सिंह, अधिशासी अभियंता सदर