हरदोई। फर्जी जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। एसटीएफ की कार्रवाई में गिरफ्त में आए ग्राम पंचायत अधिकारी को लेकर चर्चाओं का दौर भी दिन भर चलता रहा।
एसटीएफ लखनऊ ने शुक्रवार को फर्जी जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह काे पकड़ा था। कुल पांच लोगाें की गिरफ्तारी हुई थी। इनमें हरदोई के अहिरोरी विकास खंड में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी लाल बिहारी पाल भी शामिल थे। गिरोह पर अब तक 1.40 लाख फर्जी जन्म और 2500 फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का आरोप है।
फर्जी प्रमाण पत्र बनाने के लिए आरोपी फर्जी वेबसाइट, सॉफ्टवेयर और पोर्टल का इस्तेमाल करते थे। दावा यहां तक है कि इस पूरे गिरोह का मुखिया लाल बिहारी पाल ही है। एसटीएफ के लाल बिहारी पाल को गिरफ्तार करने की जानकारी के बाद स्थानीय स्तर पर भी कार्रवाई हुई है। जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि लाल बिहारी पाल को निलंबित कर दिया गया है।