पाली की मंडी में एक आढ़त पर लगे सरकारी गेहूं बीज के कट्टे
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पाली कस्बे में बैरियर चौराहे के निकट एक मंडी में सरकारी गेहूं का बीज बेचे जाने की खबर से हड़कंप मच गया। बीज बिक्री का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। खास बात यह है कि यह मंडी राजकीय कृषि बीज भंडार से चंद कदम दूर है। माना जा रहा है कि इसी बीज भंडार से चुराकर सरकारी बीज आढ़ती की दुकान पर बेचा गया है। विभागीय अधिकारी व कर्मचारी प्रकरण पर पर्दा डालने में जुटे हैं। सवायजपुर की एसडीएम स्वाती सिंह ने बताया कि कृषि बीज भंडार के प्रबंधक से रिपोर्ट तलब की है। प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पाली कस्बा के मोहल्ला सराय सेफ बैरियर चौराहे के निकट राजकीय कृषि बीज भंडार है।
यहां किसान को कम कीमत पर बीज उपलब्ध कराया जाता है। नवंबर और दिसंबर में गेहूं बीज के लिए राजकीय कृषि बीज भंडार पर मारामारी रहती है। उस समय किसानों को बीज की किल्लत बताकर लौटा दिया जाता है।
जिसके कारण किसानों को बाहर से बीज खरीदना पड़ता है। रविवार दोपहर राजकीय कृषि बीज भंडार से महज चंद कदम दूर एक आढ़ती की दुकान पर एक दर्जन से अधिक सरकारी गेहूं के बीज की बोरी बेचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में सरकारी गेहूं बीज की बोरी के कट्टे आढ़ती की दुकान पर लगे हैं। जबकि एक बोरी खुली हुई भी दिख रही है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद संबंधित विभाग में हड़कंप मचा है।