हरदोई। जिले में 103 गोशालाओं/पशु आश्रय स्थलों में रखे गए तकरीबन 13 हजार पशुओं के लिए खाने की व्यवस्था को अब किसानों से भूसा दान करने की अपील की जा रही है। गेहूं की कटाई के दौरान किसानों को भूसा दान को प्रेरित किया जा रहा है। पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की इस पहल पर 694 क्विंटल भूसा पशु चिकित्सा विभाग को दान में भी मिल गया है।
इन दिनों गेहूं की कटाई का कार्य तेजी से चल रहा है और इस बार पशु चिकित्सा विभाग ने गोशालाओं के लिए भूसा दान करने के लिए लोगों को प्रेरित करना शुरू किया है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएन पांडेय ने बताया कि इन दिनों अधिकतर किसानों के पास पर्याप्त भूसा होता है।
निराश्रित पशुओं के भरण पोषण के लिए उन्हें दान को प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद के कुल 79 गांवों से 694 क्विंटल भूसा दान में मिल चुका है।
अगर आप भी निराश्रित पशुओं के संरक्षण में भागीदार बनकर भूसा दान करना चाहते हैं तो अपने गांव के नजदीकी गोवंश आश्रय स्थल(गोशाला) में भूसा दान कर सकते हैं।
इसके अलावा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएन पांडेय के मोबाइल नंबर 7905971219 और उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाशवीर के मोबाइल नंबर 8887830154 पर भी संपर्क कर भूसा दान किया जा सकता है।