शाहाबाद। नगर के दक्ष इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को वार्षिकोत्सव हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू व विशिष्ट अतिथि एसडीएम एपी श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पूर्व विधायक ने अच्छी शिक्षा को ही सफलता का मूलमंत्र बताया।
पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू ने कहा कि शिक्षा वो चाभी है, जिससे हर ताले को खोला जा सकता है। कहा कि पूरी दुनिया में तहजीब के मामले में कोई दूसरा देश हिंदुस्तान की बराबरी नहीं कर सकता है। हमें अपने देश और संस्कृति का सम्मान करना चाहिए और इसे मिलकर आगे बढ़ाना चाहिए। एसडीएम अतुल प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नजर आने वाली देश की खूबसूरती और भाईचारे की झलक असल भारत की पहचान है। यह हमें हमारे एक होने का एहसास दिलाती है। कहा कि स्कूल के बच्चों की सदाचार की भावना सराहनीय है।
पालिका के ईओ विमलापति ने कहा कि स्वच्छता पर आधारित कार्यक्रमों पर बच्चों द्वारा दी गई प्रस्तुतियां सराहनीय हैं। बच्चों ने गीत समेत प्रेरणादायक नाटकों का मंचन भी किया। विद्यालय प्रबंधक प्रदीप कुमार ने स्कूल का वार्षिक वरण प्रस्तुत किया। कहा कि अगले सत्र से स्कूल में रोबोटिक वर्कशॉप का आरंभ किया जाएगा। मयंक बियानी ने सभी का आभार जताया।