हरदोई। दिवाली से पहले सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने सर्राफा बाजार की रौनक बढ़ा दी। पिछले कुछ दिनों में कीमतों में करीब 10 हजार रुपये तक कम होने से खरीदारी को लेकर ग्राहकों का उत्साह बढ़ा है। वहीं रविवार को पुष्य नक्षत्र होने के कारण लोग इस दिन सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ मानते हैं। ऐसे में शनिवार से ही सर्राफा बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई। दुकानों पर लोग अपनी पसंद के आभूषण देखने और खरीदने पहुंच रहे हैं।
पिछले कुछ समय से सोने-चांदी के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। इससे सर्राफा बाजार की चमक फीकी पड़ गई थी। त्योहार आने से पहले कीमतों में गिरावट आते ही बाजार में रौनक दिखाई देने लगी। शहर के सर्राफा बाजार में शनिवार को नए भाव के अनुसार 24 कैरेट सोना करीब 1,40,300 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना करीब 1,28,240 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा।
वहीं चांदी का भाव करीब 1,85,900 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। दाम में कमी आते ही लोगों ने इसका फायदा उठाना शुरू कर दिया। आभूषणों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ दिखाई देने लगी। सेठ काशीनाथ ज्वेलर्स के अक्षय महेंद्रा के मुताबिक इस समय लोग धनतेरस और दिवाली के लिए बुकिंग करा रहे हैं। सहालग वाले घर के लोगों ने भी बुकिंग शुरू कर दी है। उनका कहना है कि दो दिन में ही बुकिंग हर दिन के मुकाबले 30 प्रतिशत तक बढ़ी है।
हल्के आभूषणों की बढ़ी डिमांड
सोने-चांदी के कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के बाद अब लोगों का क्रेज हल्के वजन के आभूषणों के प्रति अधिक बढ़ गया है। आभूषण बनाने वाले कारीगरों ने भी हल्के आभूषणों में एक से बढ़कर एक डिजाइन बनाई हैं। ऐसे में अब कीमतों में भले ही कमी दर्ज की गई है लेकिन लोगों का क्रेज हल्के वजन के आभूषणों पर अधिक है। इनमें सोने की चेन, अंगूठी, कान के टॉप्स, पेंडेंट और हल्के डिजाइन के हार की मांग है। वहीं रविवार को पुष्य नक्षत्र पर लोगों में चांदी के सिक्के और गणेश लक्ष्मी की खरीदारी भी की जाती है। सर्राफा कारोबारी पुष्य नक्षत्र पर भी बेहतर कारोबार की उम्मीद जता रहे हैं।
पहले कीमतें अधिक होने के कारण ग्राहक खरीदारी टाल रहे थे लेकिन अब भाव कम होने से लोग दुकानों पर पहुंच रहे हैं। पुष्य नक्षत्र को लेकर भी ग्राहकों में उत्साह है। रविवार को अच्छी खरीदारी होने की उम्मीद है। -अक्षय महेंद्रा, सेठ काशीनाथ ज्वेलर्स
पिछले कुछ दिनों से बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। ग्राहक डिजाइन के साथ कीमत का भी विशेष ध्यान रख रहे हैं। कीमतों में कमी आने से खरीदारी के लिए बेहतर माहौल बना है। -शिवम कपूर, अतुल ज्वेलर्स
कई ग्राहक सोने के आभूषणों के साथ चांदी के सिक्के भी खरीद रहे हैं। पुष्य नक्षत्र और धनतेरस को लेकर बाजार में अच्छी ग्राहकी की उम्मीद है। अगर कीमतों में स्थिरता बनी रही तो इस बार त्योहार पर कारोबार अच्छा रहने की संभावना है। -आशीष मेहरोत्रा, त्रिलोकी ज्वेलर्स
फोटो- 20- ज्वेलर्स की दुकान पर आभूषणों की खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
फोटो- 20- ज्वेलर्स की दुकान पर आभूषणों की खरीदारी करते ग्राहक। संवाद