तहसील दिवस में शिकायतें सुनते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
बिलग्राम। तहसील दिवस की अध्यक्षता डीएम विवेक वार्ष्णेय ने की। उन्होंने समस्याओं के समाधान को लेकर दिन मुकर्रर कर दिए हैं। कब्जों को लेकर लेखपालों पर रुख टाइट रहा। अभिभावक संघ के अध्यक्ष राज बहादुर सिंह यादव ने बिलग्राम जीजीआईसी में बिजली कनेक्शन न होने की शिकायत की। बताया कि आठ महीने पहले सभी कागजात के साथ पैसा जमा कर दिया था, इसके बावजूद कनेक्शन नहीं दिया जा रहा है। इस डीएम ने जेई को फटकार लगाई और एक सप्ताह में स्कूल में कनेक्शन देने के निर्देश दिए।
बेटे की करंट से मौत से दुखी शामिना मुआवजे की आस में प्रार्थना पत्र लेकर तहसील दिवस पहुंची। डीएम ने महिला की शिकायत सुनी और बिजली विभाग को जांच कर दस दिन में मुआवजा देने का निर्देश दिया। ग्राम चोलियापुर, शाहपुर पवारय समजलपुर, हसनापुर, चंदौली से चकरोड और पट्टे की कई शिकायतों आईं। इस पर डीएम ने संबंधित गांवों के लेखपालों को फटकार लगाई।
डीएम ने कहा कि ऐसे मामले गांव जाकर निपटाएं, तहसील दिवसों में शिकायत नहीं आनी चाहिए। जरौली नेवादा के अस्पताल में डाक्टर के न बैठने की शिकायत पर सीएमओ को जांच के निर्देश दिए। नगर पालिका अध्यक्ष के पति राजारमन गुप्ता, राकेश, असलम, रामचंद्र आदि नगर में राशनकार्ड की समस्या रखी। डीएम ने डीएसओ को जांच के निर्देश दिए। तहसील दिवस में एसपी उमेश कुमार सिंह, सीडीओ टी शिबू, एसडीएम पीपी तिवारी, सीओ बलवंत चौधरी आदि अधिकारी मौजूद रहे।