हरदोई। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता देने के लिए मंगलवार को विकास भवन सभागार में विशेष शिविर लगा। इस दौरान विभिन्न समूहों ने अपने स्टॉल भी लगाए।
इन स्टॉल्स का अवलोकन करने के दौरान सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि समूह में ही शक्ति होती है। स्वयं सहायता समूहों को हर संभव मदद दी जाएगी। शिविर में 62 स्वयं सहायता समूहों को 15 हजार रुपये के हिसाब से 9 लाख 30 हजार रुपये की सहायता दी गई। 22 समूहों को एक लाख 10 हजार रुपये के हिसाब से 24 लाख 20 हजार रुपये और 77 समूहों को नया कार्य शुरू करने के लिए एक लाख 92500 रुपये की सहायता दी गई। कुल 201 समूहों को विभिन्न योजनाओं के तहत 64 लाख 65200 रुपये की सहायता दी गई। इस दौरान उपायुक्त स्वत: रोजगार विपिन चौधरी, अग्रणी जिला प्रबंधक बीएन शुक्ला भी मौजूद रहे।