हरदोई। जिले की औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय कुशल युवाओं को मौका देना चाहिए। संडीला की ज्यादातर औद्योगिक इकाइयों में दूसरे प्रांतों के कर्मचारियों को रखा गया है। जनप्रतिनिधियों ने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से ये बात कही। व्यापारियों को काम करने के लिए बेहतर माहौल दिए जाने का आश्वासन भी दिया।
विकास भवन के सभागार में हुई तृतीय ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में सांसद जय प्रकाश रावत ने कहा कि देश एवं विदेश की कंपनियों ने प्रदेश में उद्यम लगाने के लिए भारी निवेश किया है। देश की अर्थव्यवस्था में उद्यमियों का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या के निराकरण के लिए उद्यमी बिना डरे बात रखें। सांसद अशोक रावत ने संडीला औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों से कहा कि औद्योगिक इकाइयों में जिले के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएं।
समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संपर्क में रहें। विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सभी हाईवे के निर्माण से औद्योगिक इकाईयों को बढ़ावा मिलेगा। अधिक से अधिक उद्योग स्थापित किए जाएंगे। डीएम अविनाश कुमार ने सांसदों, विधायकों व उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने उद्यमियों को शाल व प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में सीडीओ आकांक्षा राना, डीडीओ एपी सिंह, डीडी कृषि डॉ. नंद किशोर, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जेएन पांडेय, उपायुक्त मनरेगा, आजीविका मिशन, उद्यमी मुकेश अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, हरियावां चीनी मिल के प्रदीप त्यागी, यूएन सिंह, जेयम खान, मुकेश पात्रा तथा मंगलम पांडेय मौजूद रहे।