शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेढ़वा में शुक्रवार सुबह एक आम के पेड़ से युवक और युवती का शव फांसी पर लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग में दोनों ने खुदकुशी की। युवती की शादी तय कर दी गई थी और सोमवार को वरीक्षा होनी थी।
शुक्रवार सुबह ग्राम पेढ़वा में खेत जाने को निकले ग्रामीणों ने एक बाग में स्थित आम के पेड़ पर युवक और युवती का शव फांसी पर लटकता देखा तो सूचना दोनों के परिजनों और पुलिस को दी।
मौके पर पहुंचे शाहाबाद कोतवाल महेश चंद्र पांडेय के मुताबिक, नीतू (20) पुत्री छोटेलाल और वृंदा (20) पुत्र कन्हाई ने प्रेम प्रसंग में फांसी लगाकर खुदकुशी की है। दोनों एक ही जाति से ताल्लुक रखते हैं। नीतू के परिजनों ने उसकी शादी शाहजहांपुर जनपद के सेहरामऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में तय कर दी थी और सोमवार को वरीक्षा होनी थी।
प्राथमिक तौर पर इसी के चलते दोनों के खुदकुशी कर लेने की बात सामने आई है। नीतू चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी, जबकि वृंदा दो भाइयों में बड़ा था। वृंदा के माता-पिता की मौत कई वर्ष पहले हो चुकी है और उसका पालन पोषण ताऊ रामपाल कर रहे हैं।
नीतू ने कक्षा पांच तक की पढ़ाई की थी और उसके बाद घर पर ही रहने लगी थी। वृंदा के परिजनों के मुताबिक वह कभी स्कूल नहीं गया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी त्रिगुण बिसेन और सीओ उमाशंकर सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में युवक-युवती के एक ही पेड़ पर फांसी लगाकर जान देने की जानकारी पर पुलिस टीम ने दोनों शवों की तलाशी भी कराई। इसी दौरान वृंदा की जेब से दो मोबाइल फोन मिले।
पुलिस का दावा है कि एक मोबाइल फोन वृंदा का है, जबकि दूसरा फोन नीतू का है। गुरुवार आधी रात के बाद 12 बजकर 9 मिनट पर वृंदा ने मोबाइल से नीतू को कॉल की थी। पुलिस का मानना है कि इस कॉल के बाद ही वृंदा अपने घर से और नीतू अपने घर से निकलकर बाग में पहुंच गई। यहीं दोनों ने खुदकुशी कर ली।
घटना की जांच के दौरान पता चला कि काले रंग के दुपट्टे से वृंदा ने फांसी लगाई, जबकि नीतू ने फांसी लगाने के लिए लाल रंग का दुपट्टा इस्तेमाल किया।
दोनों ही दुपट्टे नीतू के थे। ऐसे में यह भी साफ है कि दोनों ने खुदकुशी करने की बात पहले ही तय कर ली थी और तय समय पर फोन पहुंचने पर दोनों घर से निकले और खुदकुशी कर ली।